फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंजाब बंद: जालंधर में कार सवार को जड़ा थप्पड़, सड़क पर हुआ कीर्तन; भाजपा आफिस को धमकी

Fri, 21 Aug 2026 03:01 PM IST
Nivedita न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

कौमी इंसाफ मोर्चा सजा पूरी कर चुके बंदी सिखों की रिहाई, जेल में बंद जगतार सिंह हवारा को कम से कम 10 दिन की पैरोल और 15 अगस्त को मोहाली-चंडीगढ़ सीमा पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई का विरोध कर रहा है। 
विज्ञापन
जालंधर में पंजाब बंद के दाैरान हाथापाई - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कौमी इंसाफ मोर्चे की ओर से शुक्रवार को सुबह सात बजे से दोपहर दो बजे तक पंजाब बंद रखा गया। इस दाैरान हाईवे रोके गए। लोगों को जबरदस्त दिक्कतों का सामना करना पड़ा। 

विज्ञापन






विज्ञापन


जालंधर में हंगामा
जालंधर में बंद करवाने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। मकसूदां की सर्विस रोड पर जत्थेबंदियों द्वारा रास्ता बंद किया गया था। इसी दौरान कार सवार एक व्यक्ति ने बताया कि उसकी पत्नी अस्पताल में डायलिसिस पर है और उसे अस्पताल जाना है।

कार सवार व्यक्ति ने जत्थेबंदियों को अस्पताल की पर्ची और डायलिसिस से संबंधित दस्तावेज दिखाते हुए रास्ता देने की अपील की। उसका कहना था कि पत्नी की तबीयत को लेकर वह पहले ही परेशान है और उसे अस्पताल पहुंचना जरूरी है। व्यक्ति ने आरोप लगाया कि इसी दौरान एक सिख व्यक्ति के साथ उसकी बहस हो गई। उसके मुताबिक, उस पर गाली देने का आरोप लगाया गया, जबकि उसने दावा किया कि उसने गाली किसी अन्य संदर्भ में दी थी। देखते ही देखते बहस बढ़ गई और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई।



दोनों पक्षों में थप्पड़ चले, बरछे को लेकर भी हुआ हंगामा
घटना की सामने आई तस्वीरों में दोनों पक्षों के बीच थप्पड़बाजी और हाथापाई होती दिखाई दे रही है। हंगामे के दौरान एक सिख व्यक्ति ने अपने साथी से बरछा लेने की कोशिश की और कथित तौर पर उससे हमला करने का प्रयास किया, लेकिन साथी ने बरछा उसे नहीं दिया।

हंगामा बढ़ने पर मौके पर मौजूद अन्य सिख जत्थेबंदी के सदस्य आगे आए और मामला शांत करवाने का प्रयास किया। इसके बाद कार सवार व्यक्ति को वहां से जाने दिया गया। घटना के दौरान मौके पर काफी देर तक हंगामा रहा। फिलहाल विवाद का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। 

वहीं बंद के दाैरान जालंधर में गुरु नानक मिशन चौक पर सिख संगठनों ने सड़कें बंद कर शबद कीर्तन किया। सिख संगठनों ने कहा कि जब पंजाब बंद बुलाया था तो लोगों को घर से नहीं निकलना चाहिए था। परेशानियां होती ही नहीं।


विज्ञापन

भाजपा के चंडीगढ़ कार्यालय को बम धमाके की धमकी
चंडीगढ़ स्थित भारतीय जनता पार्टी के स्टेट कार्यालय को शुक्रवार को धमकी भरा ई-मेल मिलने से हड़कंप मच गया। ई-मेल में 21 अगस्त को पंजाब बंद रखने की मांग करते हुए खुले रहने वाले शहरों में बम धमाके करने की धमकी दी गई है। इसके अलावा 31 अगस्त को स्कूल बंद रखने और शहीद दिलावर सिंह बब्बर को याद करने की बात भी कही गई है।



फिरोजपुर छावनी की चुंगी नंबर-7 पर धरना
फिरोजपुर छावनी की चुंगी नंबर-7 पर सिख जत्थेबंदियों ने धरना देकर प्रदर्शन किया। धरने के चलते फिरोजपुर से लुधियाना, दिल्ली, जालंधर और फाजिल्का जाने वाले प्रमुख राजमार्गों पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। प्रदर्शनकारियों द्वारा सड़क मार्ग बंद किए जाने के कारण दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गईं। राहगीरों और वाहन चालकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। 

पठानकोट में मिला जुला असर
कौमी इंसाफ मोर्चा की पंजाब बंद कॉल का असर पठानकोट में मिला जुला रहा। शहर के सभी मुख्य बाजार आम दिनों की तरह सुबह से खुले दिखे। जबकि प्राइवेट स्कूल और प्राइवेट बस बंद दिखी। सरकारी बस चालकों ने भी समर्थन किया। निजी स्कूलों के प्रबंधकों ने भी सुबह-सुबह अभिभावकों को छुट्टी का मैसेज भेज दिया था। पठानकोट के बस स्टैंड पर भी आम दिनों की तरह भीड़ नजर नहीं आई। सुबह 7 से दोपहर 2 बजे तक बस स्टैंड खाली पड़ा रहा। सरकारी बसें भी स्टैंड पर नहीं पहुंची। रशपलवा टोल प्लाजा भी किसानों ने बंद रखा। अधिकारियों के मुताबिक, दोपहर 2 बजे के बाद सभी बसें आम दिनों की तरह चलेंगी।



मोगा में दिखा पंजाब बंद का असर
मोगा के बस स्टैंड चौक पर अलग-अलग किसान जत्थेबंदियों और सिख जत्थेबंदियों के सदस्य एकत्रित हुए और मुख्य चौक को बंद कर सरकार के खिलाफ जोरदार रोष प्रदर्शन किया। मोगा में प्रदर्शन के चलते कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा।

अबोहर-जलालाबाद में बंद का व्यापक असर
पंजाब बंद के आह्वान का अबोहर में व्यापक असर देखने को मिल रहा है। शहर के लगभग सभी बाजार और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद हैं। बंद के दौरान कुछ सरकारी बसें चल रही हैं, जबकि प्राइवेट बसों का संचालन बंद है।



वहीं, बंद का रेल सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ा है और रेलगाड़ियां अपने निर्धारित समय के अनुसार चल रही हैं। बैंक भी खुले हैं और आवश्यक सेवाएं सामान्य रूप से जारी हैं। पंजाब बंद का आह्वान सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया गया है। वहीं जलालाबाद में बंद को पूर्ण समर्थन मिला है। दुकानें, व्यापारिक संस्थान, प्राइवेट स्कूल और कोचिंग सेंटर पूर्ण तौर पर बंद हैं। 

अमृतसर में निकाला मार्च 
बंदी सिंहों की रिहाई और जगतार सिंह हवारा को पैरोल देने की मांग को लेकर कौमी इंसाफ मोर्चा की ओर से पंजाब बंद के आह्वान का अमृतसर में भी व्यापक असर देखने को मिला। शहर के विभिन्न इलाकों में सिख संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मार्च निकालकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों के हाथों में बैनर और झंडे थे। इस दौरान वाहनों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का काफिला भी नजर आया। लाउडस्पीकर से लोगों से बंद को सफल बनाने की अपील की गई।

मुक्तसर में बंद को भरपूर समर्थन
बंदी सिंहों की रिहाई के लिए कौमी इंसाफ मोर्चा के पंजाब बंद के आह्वान पर मुक्तसर पूरी तरह बंद रहा। हालांकि, आवश्यक वस्तुओं की दुकानों सहित मेडिकल स्टोर खुले रहे। बस स्टैंड से किसी भी रूट पर बसें रवाना नहीं हुईं। इस दौरान स्कूल, कॉलेज, बाजार, व्यावसायिक संस्थान और हाईवे पर यातायात बंद रहा, जबकि एम्बुलेंस, अस्पताल और फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाएं जारी रहीं।

मोहाली बस अड्डे पर थमा बसों का पहिया
बंद की कॉल का मोहाली में व्यापक असर देखने को मिला। बंद के चलते मोहाली बस अड्डे पर सरकारी और निजी बसों का संचालन पूरी तरह ठप रहा। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा और बस अड्डे पर सन्नाटा पसरा रहा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें