झोटा हत्याकांड को लेकर प्रदर्शन
- फोटो : वीडियो ग्रैब
मानसा के परविंदर सिंह उर्फ झोटा हत्याकांड में परिवार को इंसाफ दिलाने की मांग को लेकर इंसाफ मोर्चा के आह्वान पर रविवार को पूरे पंजाब में झाड़ू फूंक प्रदर्शन किए गए। इसी कड़ी में प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां, किसान यूनियन सिद्धूपुर समेत अन्य संगठनों ने झाड़ू जलाकर पंजाब सरकार के खिलाफ रोष जताया और अपनी मांगें उठाईं।प्रदर्शन के दौरान किसान नेताओं ने कहा कि झोटा के परिवार को इंसाफ दिलाने और पंजाब में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कार्रवाई की जरूरत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
किसान नेता शिंगारा सिंह ने कहा कि झोटा के परिवार के साथ केवल किसान ही नहीं, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों के लोग भी खड़े हैं। उन्होंने कहा कि इंसाफ मिलने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।
वहीं, जगदीश सिंह ने कहा कि उनकी प्रमुख मांगों में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) का इस्तीफा शामिल है। उन्होंने कहा कि सरकार अन्य मांगों को पूरा करने के लिए तैयार हो सकती है, लेकिन जब तक मुख्यमंत्री और डीजीपी के इस्तीफे की मांग पूरी नहीं होती, तब तक आंदोलन का समाधान संभव नहीं है।
जगदीश सिंह ने पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति और नशे की समस्या पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे देना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने दोहराया कि झोटा के परिवार को इंसाफ दिलाने और अपनी मांगों को मनवाने के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।