चंडीगढ़ के सेक्टर-44 के एक निजी स्कूल में 11 साल के बच्चे के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। घटना से नाराज बच्चे के माता-पिता शनिवार को स्कूल पहुंचे और प्रबंधन के सामने विरोध जताया। अभिभावकों का आरोप है कि 20 नवंबर को क्लासरूम में उनके बच्चे के साथ मारपीट की गई थी।
बच्चे की मां ने पुलिस को दी शिकायत
घटना के बाद से बच्चा इतना डरा हुआ है कि उसने शनिवार को स्कूल जाने से भी मना कर दिया। मामले में बच्चे की मां ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। अभिभावकों के मुताबिक, क्लासरूम में हुई कथित मारपीट के बाद बच्चे के व्यवहार में बदलाव आया है। वह डरा-सहमा रहने लगा है और घटना का उसके मन पर भी असर पड़ा है।
माता-पिता बोले- स्कूल प्रबंधन ने गंभीरता से नहीं लिया मामला
माता-पिता का कहना है कि उन्होंने घटना की जानकारी लेने और शिकायत दर्ज करवाने के लिए स्कूल प्रबंधन से संपर्क किया, लेकिन उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया। इसके बाद उन्होंने स्कूल पहुंचकर विरोध जताया और प्रबंधन से जवाब मांगा। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस अभिभावकों की ओर से लगाए गए आरोपों और शिकायत में दिए गए तथ्यों की पड़ताल कर रही है। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि 20 नवंबर को क्लासरूम में वास्तव में क्या हुआ था और कथित घटना के लिए कौन जिम्मेदार है।
स्कूल में 11-12 साल के बच्चों के बीच लड़ाई-झगड़े का मामला प्रकाश में आया है। मामला बच्चों से जोड़ा होने के चलते उनके नाम या आरोपों के बारे में नहीं बताया जा सकता।
-गुरजीत कौर, एसडीपीओ साउथ चंडीगढ़