जिला पुलिस गुरदासपुर को नशा विरोधी मुहिम के तहत बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए मंगवाई गई 2.446 किलो हेरोइन सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ब्रेटा पिस्टल, मैगजीन और कारतूस भी बरामद हुए हैं।
इस संबंध में पत्रकारों को जानकारी देते हुए एसएसपी गुरदासपुर आदित्य ने बताया कि नशे के खिलाफ चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत स्पेशल ब्रांच गुरदासपुर और थाना बहरामपुर की पुलिस पार्टी सीमावर्ती क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान दो संदिग्ध युवक नजर आए। पुलिस को देखकर एक युवक खेतों के रास्ते फरार हो गया, जबकि दूसरे युवक निशान सिंह उर्फ सोनू को पुलिस ने काबू कर लिया।
एसएसपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की तलाशी के दौरान उससे 2 किलो 184 ग्राम हेरोइन, एक पिस्टल, मैगजीन और 4 जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी ने यह हेरोइन और हथियारों की खेप ड्रोन के जरिए पाकिस्तानी तस्करों से मंगवाई थी। फरार आरोपी की तलाश जारी है, जिसे जल्द गिरफ्तार करने का दावा पुलिस ने किया है। गिरफ्तार आरोपी का रिमांड लेकर पूछताछ की जाएगी और उसके आगे-पीछे के संबंधों की भी पड़ताल की जाएगी।
एसएसपी आदित्य ने बताया कि इसी तरह के एक अन्य मामले में धारीवाल पुलिस ने गश्त के दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध युवकों को रोककर चेकिंग की। तलाशी के दौरान उनके पास से 262 ग्राम हेरोइन, पांच हजार रुपये ड्रग मनी, एक 32 बोर रिवॉल्वर और 6 जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का रिमांड लेकर उनसे गहन पूछताछ की जाएगी और उनके संबंधों की भी विस्तार से जांच की जाएगी।