कपूरथला जिले के सुल्तानपुर लोधी में अनाज मंडी के पास स्थित एक पेट्रोल पंप पर दिनदहाड़े हथियारों से लैस युवकों द्वारा हमला करने और पंप कर्मचारियों के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। इस घटना में पंप कर्मचारी रंजीत बाबू के सिर पर गंभीर चोट लगने की जानकारी मिली है। घायल कर्मचारी को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस ने पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
फ्यूल के पैसे मांगने पर शुरू हुआ विवाद
पेट्रोल पंप के मालिक सुरिंदर सिंह और मैनेजर सन्नी के अनुसार, दो युवक पेट्रोल पंप पर फ्यूल भरवाने आए थे। फ्यूल भरने के बाद जब कर्मचारियों ने उनसे पैसे मांगे तो कथित तौर पर दोनों युवकों ने गुस्सा दिखाते हुए कहा कि कर्मचारी उन्हें नहीं जानते। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई।
कुछ देर बाद हथियारों से लैस होकर पहुंचे युवक
पंप मालिक का आरोप है कि विवाद के कुछ समय बाद एक गाड़ी में सवार होकर पांच से सात युवक मौके पर पहुंचे। आरोप है कि उनके पास कृपाण, तलवार और टकुए जैसे हथियार थे। मौके पर पहुंचते ही युवकों ने पंप कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। पंप मालिकों ने आरोप लगाया कि हमलावरों में रोबिन लाहौरिया नाम का व्यक्ति भी शामिल था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने मुफ्त में फ्यूल भरवाने के लिए दबाव बनाया था। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही पुष्टि हो सकेगी।