पहलगाम आतंकी हमले का बदला भारत ऑपरेशन सिंदूर से लिया है। अब दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया है। एयरस्ट्राइक के बाद पाकिस्तान बौखलाया हुआ है। अब भारत के रिहायशी इलाकों पर भी उसने मिसाइल अटैक की कोशिश की है। पंजाब के अमृतसर, कपूरथला, लुधियाना, जालंधर, आदमपुर, पठानकोट और राजधानी चंडीगढ़ को भी टारगेट किया गया था। लेकिन भारतीय सेना ने हमले आसमान में ही नाकाम किया है।
बुधवार व वीरवार आधी रात को कपूरथला में धमाकों की आवाज सुनी गई और लोगों ने कुछ गड़गड़ाहट (वाइब्रेशन) भी महसूस की है। कपूरथला के एक युवक ने रात 1 बजकर 8 मिनट पर आसमान से एक आग का गोला (फायर बॉल) नीचे गिरता भी देखा है। इसके बाद उसे खिड़कियों के शीशों में कंपन हुआ। हालांकि कपूरथला जिला प्रशासन इसकी पुष्टि नहीं कर रहा है।
उक्त युवक ने यह भी बताया कि वह रात को अपने दोस्त के साथ फोन पर बात कर रहा था। तभी अचानक बाहर कुत्ते भौंकने लगे और तभी कुछ कंपन भी महसूस हुआ। वह बाहर उठा तो उसे आसमान से एक आग का गोला जमीन पर गिरते हुए दिखाई दिया। गिरने के बाद धमाके की आवाज भी सुनाई दी। इस घटना का उसने अपने मोबाइल पर वीडियो भी बनाया है। हालांकि इस हमले की घटना बारे कपूरथला पुलिस प्रशासन पुष्टि नहीं कर रहा है।
बुधवार व वीरवार आधी रात को पाकिस्तान के भारत के उत्तरी और पश्चिमी शहरों पर हमले की कोशिश की थी, जिसे भारतीय सेना ने नाकाम कर दिया है। वहीं, वीरवार को रक्षा मंत्रालय की पत्र सूचना कार्यालय की अधिकृत वेबसाइट में जारी रिलीज में बताया कि पंजाब के पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, आदमपुर, लुधियाना, बठिंडा और चंडीगढ़ में इन हमलों को भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने नाकाम कर दिया है।
जिले में पटाखों पर बैन
उधर, कपूरथला में जिला प्रशासन ने पटाखे बजाने पर बैन कर दिया है। जिला मजिस्ट्रेट-कम-डीसी का कहना है कि यह आदेश पांच जुलाई तक लागू रहेंगे। इस दौरान शादी-ब्याह, खुशी के मौके के अलावा धार्मिक समागमों के दौरान किसी भी तरह के पटाखे फोड़ने और आतिशबाजी पर पाबंदी रहेगी।
कपूरथला का अधिकतर क्षेत्र सेना के अधीन
कपूरथला का अधिकतर क्षेत्र सैन्य के अधीन है, जहां पर सेना का आवागमन ज्यादा रहता है और रियासती शहर होने के नाते कई पुरातन इमारतें के अलावा कई अहम अदारें भी हैं।