पंजाब सरकार के बजट को विपक्ष ने झूठ का पुलिंदा कहा है। महिलाओं को एक हजार रुपये देने के वादे को पूरा न करने पर भी सभी विपक्षी दलों ने सरकार पर सवाल उठाए हैं।
आम आदमी पार्टी के चाैथे बजट को विपक्ष ने पूरी तरह नकार दिया है। बजट को लेकर केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू ने कहा कि पंजाब में महिलाओं को हर महीने 1100 रुपये देने के अपने प्रमुख वादे को पूरा करने में आप पूरी तरह विफल रही है।
विज्ञापन
बिट्टू ने कहा कि इस पार्टी ने राज्य के कर्ज में लगभग एक लाख करोड़ रुपये जोड़े हैं। यह राशि पिछले 30 वर्षों में जमा हुए 3 लाख करोड़ रुपये के बराबर है। राज्य में बढ़ते अपराध और नशीले पदार्थों की तस्करी के साथ, बजट में कानून और व्यवस्था के मुद्दों को संबोधित करने के लिए कोई ठोस उपाय नहीं किए गए हैं।
चौंकाने वाली बात यह है कि 2025 के बजट में मालवा नहर परियोजना के लिए कोई धन आवंटित नहीं किया गया है। लाखों नौकरियां पैदा करने का आप का वादा अभी अधूरा है, और राज्य में बेरोजगारी एक लगातार समस्या के रूप में बढ़ रही है। उन्होंने इस बजट में पंजाब के लोगों का मजाक उड़ाया है।
केंद्र की योजना को अपना बता रही पंजाब सरकार
मोहाली जिला भाजपा प्रधान संजीव वशिष्ट ने कहा कि सरकार ने सत्ता में आने के बाद फ्री योजनाओं को चलाकर राज्य की हालत खस्ता कर दी है। कई डिपार्टमेंट घाटे में चल रहे हैं। उसे घाटे से बाहर निकालने के लिए सरकार के पास कोई योजना नहीं है।
विज्ञापन
पंजाब सरकार ने बजट पेश किया, लेकिन हकीकत में खजाना खाली है। मान सरकार ने टेक्नोलॉजी एक्सटेंशन सेंटर बनाने की घोषणा की है जबकि यह स्कीम केंद्र की है। केंद्र सरकार की स्कीम के तहत राज्य सरकारों से लीज पर जमीन ली जाएगी और पैसा केंद्र सरकार लगाएगी। पंजाब सरकार अपनी किसी भी योजना को सही तरीके से लागू नहीं कर पा रही। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केंद्र की योजनाओं को अपना बताकर झूठी वाहवाही लूट रही है।