पंजाब के फगवाड़ा के गांव गुजरातां में एक व्यक्ति द्वारा पंचायत की जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को खाली करने के लिए पुलिस ने कब्जाधारी को एक सप्ताह का समय दिया है। गांव गुजरातां की सरपंच जसवीर कौर ने बताया कि गांव निवासी दर्शन लाल पुत्र मेला राम उर्फ छोटू राम ने पंचायत की जमीन पर ईंटें और रेत की ढेरी लगा कर अवैध अतिक्रमण कर रखा है। पंचायत ने उसे कई बार ऐसा करने से रोका था और कब्जाधारी दर्शन लाल कोर्ट में केस भी हार चुका है, लेकिन इसके बावजूद वह पंचायत की जमीन खाली न करके कोर्ट के आदेश का भी उल्लंघन कर रहा है। इस बारे में पंचायत ने रावलपिंडी थाने में लिखित शिकायत दी थी।
पुलिस ने शुक्रवार को मौका देखकर कब्जाधारी को एक सप्ताह के अंदर पंचायती जगह खाली करने को कहा है। रावलपिंडी थाना के एएसआई सुखदेव सिंह ने बताया कि कब्जा करने वाले को चेतावनी दी गई है। अगर एक सप्ताह के भीतर पंचायत की जमीन से कब्जा नहीं छोड़ा जाता तो कानून अनुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, ग्रामीणों ने बताया कि इस पंचायत की जमीन पर पहले एक छप्पड़ था। जिसे भरकर गैर-कानूनी कब्जा कर लिया गया है। जिससे बारिश के पानी का बहाव भी रुक गया है और पिछले दिनों की भारी बारिश में उन्हें बहुत नुकसान हुआ है। उन्होंने मांग कर कहा कि इस जगह से गैर-कानूनी कब्जा हटवाकर दोबारा छप्पड़ का निर्माण करवाया जाए। इस अवसर पर पंचायत मेंबर केवल कृष्ण, राजवीर कौर, रमनदीप सिंह, गुरप्रीत सिंह आदि मौजूद थे।