चंडीगढ़ में पंजाबी गायक और रैपर एपी ढिल्लों के कन्सर्ट से पहले राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी (एनआईए) ने बड़ा खुलासा किया है। एनआईए ने पंजाब पुलिस को इनपुट भेजा है जिसमें बताया गया है कि पंजाबी कलाकारों पर हमले हो सकते हैं।
खालिस्तानी आतंकी संगठन पंजाब में लगातार पुलिस थानों को अपना निशाना बना रहे हैं। पुलिस थानों पर ग्रेनेड हमले के बाद अब नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) ने पंजाब पुलिस को इनपुट भेजे हैं। इस इनपुट में एनआईए ने पंजाब पुलिस को पंजाबी सिंगरों व कलाकारों की सुरक्षा बढ़ाए जाने के लिए कहा है। दरअसल पंजाब के कलाकार एक बार फिर गैंगस्टरों व कुछ आतंकी संगठनों के निशाने पर हैं।
विज्ञापन
ऐसे में पंजाब पुलिस ने चंडीगढ़ पुलिस के साथ भी यह इनपुट साझा किया है, क्योंकि सेक्टर-25 रैली ग्राउंड में शनिवार को पंजाब गायक एपी ढिल्लों का कन्सर्ट होने जा रहा है। ऐसे में पंजाबी गायक एपी ढिल्लों के कन्सर्ट को लेकर चंडीगढ़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना शुरू कर दिया है।
बता दें पंजाब के मशहूर गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के पीछे गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का हाथ था। बीते दिनों बब्बर खालसा इंटरनेशनल के आतंकियों ने चंडीगढ़ के सेक्टर-10 में एक कोठी में ग्रेनेड हमला कराया था। उस हमले के बाद पंजाब में थानों पर हो रहे ग्रेनेड हमलों ने पंजाब और चंडीगढ़ पुलिस के लिए चिंता बढ़ा दी है। एनआईए के इनपुट के बाद मोहाली स्थित होमलैंड सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है। इस सोसाइटी में बड़ी संख्या में पंजाबी कलाकार रहते हैं।
विज्ञापन
कन्सर्ट के लिए दो हजार से अधिक जवाब तैनात किए जाएंगे
एपी ढिल्लों के कन्सर्ट में चंडीगढ़ पुलिस के दो हजार से अधिक जवाब सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किए जाएंगे। पंजाब पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया बिगड़ते हालातों को देखते हुए कन्सर्ट में सिविल ड्रेस में इंटेलिजेंस, एनआईए व अन्य एजेंसियों के भी इंस्पेक्टर व डीएसपी रैंक के अधिकारी शामिल रहेंगे।
सरकारी कार्यालयों की भी बढ़ाई सुरक्षा
कन्सर्ट के अलावा चंडीगढ़ के मुख्य सरकारी कार्यालयों, शहर के पब्लिक व टूरिस्ट स्थलों और चंडीगढ़ से पंजाब और हरियाणा को लगते रास्तों पर पुलिस ने चेकिंग बढ़ा दी है। कोई भी संदिग्ध व्यक्ति घटनास्थल तक न पहुंच सके, यह सुनिश्चित करने के लिए सेक्टर-25 में कन्सर्ट स्थल से तीन से चार किलोमीटर दूर एक पार्किंग स्थल भी बनाया गया है, जहां शटल बस सेवा की मदद से ही पहुंचा जा सकता है।
4 डीएसपी और 6 इंस्पेक्टर सुरक्षा में रहेंगे तैनात
चंडीगढ़ पुलिस की एसएसपी कंवरदीप कौर ने बताया कि कन्सर्ट की पुलिस सुरक्षा की व्यवस्था में चार डीएसपी और छह इंस्पेक्टर तैनात किए गए हैं। रैली स्थल पर डॉग स्क्वॉयड के अलावा मेटल डिटेक्टरों से जांच की जाएगी। एसएसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को यह सख्त निर्देश दिए हैं कि किसी भी जान पहचान या जानकार के कहने पर किसी प्रकार की सिफारिश या इवेंट ऑर्गेनाइजर पर दबाव बनाकर लोगों की एंट्री नहीं कराए जाए।