पंजाब भाजपा के नवनियुक्त प्रधान केवल ढिल्लों ने आज चंडीगढ़ भाजपा कार्यालय में पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर केवल ढिल्लों ने कहा कि सबका साथ-सबका विकास, इसी को साकार करने के लिए पंजाब में मिलकर आगे बढ़ेंगे।
भाजपा के किसी कार्यकर्ता या नेता के साथ प्रदेश में किसी ने भी धक्का किया, तो उसे छोड़ा नहीं जाएगा। कार्यकर्ता ही हमारी ताकत है। और मैं सभी कार्यकर्ताओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा हूं। शहरों के साथ-साथ अब गांव के लोगों ने भी मन बना लिया है कि इस बार पंजाब में भाजपा को जितवाना है। पार्टी पूरी एकजुटता के साथ प्रदेश में काम करेगी। हर पंजाबी तक पहुंचना ही हमारा लक्ष्य है।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी, पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़, कार्यकारी प्रधान अश्विनी शर्मा, राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल, सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी, भाजपा महासचिव अनिल सरीन, सूरज प्रकाश, पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया, विधायक जांगीलाल महाजन, राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, परनीत कौर, इकबाल सिंह लालपुरा, सीएम भगवंत मान के चचेरे भाई ज्ञान सिंह मान भी मौजूद रहे। वंदे मातरम गीत के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने ढिल्लों को बधाई देते हुए कहा कि बंगाल के बाद भाजपा का अगला निशाना अब पंजाब है। इस दाैरान बोले सो निहाल और जय श्री राम के नारे से सभागार गूंज गया। परनीत कौर ने कहा कि पंजाब फतेह करना है तो सभी को मिलकर साथ चलना होगा
बिट्टू बोले-पंजाब में बने डबल इंजन की सरकार
केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि भाजपा में नेताओं की कमी नहीं है। आम आदमी पार्टी की नीतियों की वजह से ही उनके राज्यसभा सांसदों ने पार्टी छोड़कर भाजपा जॉइन की है। भाजपा ऐसी पार्टी है जिसने मुझ हारे हुए लीडर को केंद्र में मंत्री बना दिया। सभी कार्यकर्ता अब कमर कस लें और घर-घर जाकर भाजपा के लिए समर्थन मांगें। हमें मोदी का सिपाही बनकर काम करना है। पंजाब में डबल इंजन की सरकार चाहिए।