पंजाब में रिश्तों को दागदार करने के दो मामले सामने आए हैं। पहले मामले में युवती के साथ उसी के ताया ने संबंध बनाए वहीं पटियाला में गोद ली हुई बहन से भाई ने दुष्कर्म किया।
लुधियाना में अदालत में चल रहे सिविल केस में गवाही देने के लिए बुलाई गई युवती को घर छोड़ने के बहाने ताया उसे होटल ले गया। वहां लड़ाई झगड़ा करने के बाद आरोपी ने युवती के साथ संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी ने धमकियां दी और वहां से फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर जालंधर बाईपास के पास रहने वाले व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, अदालत में एक सिविल केस चल रहा था तो उसके ताया ने उसे अदालत में गवाही देने के लिए बुलाया था। केस में गवाही नहीं हुई और अगली तारीख पड़ गई तो आरोपी ने युवती को उसके घर छोड़ने के लिए कह दिया। बहला फुसलाकर उसे रेलवे स्टेशन के पास स्थित होटल में ले गया। वहां आरोपी ने पहले युवती के साथ काफी झगड़ा किया और उसे धमकियां दी कि वह उसके मुताबिक ही अदालत में गवाही दे ताकि उसका फायदा हो सके। इसके बाद आरोपी ने युवती के साथ जबरदस्ती संबंध बनाए और उसे धमकियां देते हुए फरार हो गया। पीड़िता ने किसी तरह से इसकी जानकारी परिवार को दी और हिम्मत जुटा परिवार ने छह दिन बाद पुलिस को शिकायत दी और पुलिस ने मामला दर्ज किया, पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
बहन के साथ दुष्कर्म कर धमकाया, मामला दर्ज
पटियाला में बहन के साथ दुष्कर्म करने व धमकियां देने का मामला सामने आया है। थाना सदर नाभा पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पीड़िता की ओर से पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, उसे आरोपी के पिता ने गोद लिया हुआ है। आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और इस बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकियां दीं। आरोपी अकसर उसे परेशान करता था और उसके माता-पिता भी उसकी इसमें मदद करते थे। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।