पैलेस में पहुंची एक्साइज विभाग की टीम
- फोटो : संवाद
नडाला स्थित प्रिंस पैलेस में बिना अनुमति शराब परोसने की सूचना पर जांच करने पहुंची आबकारी विभाग की टीम के साथ कथित तौर पर बदसलूकी करने, मोबाइल फोन छीनने और कमरे में बंद करने का मामला सामने आया है। टीम के सदस्यों को जान से मारने की धमकियां देने और सरकारी काम में बाधा डालने के भी आरोप हैं। पुलिस ने आबकारी निरीक्षक की शिकायत पर नडाला निवासी दलजीत सिंह और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
कार्यक्रम में बिना अनुमति शराब परोसने की मिली थी सूचना
पुलिस को दी शिकायत में आबकारी निरीक्षक जतिंदर पाल सिंह, सर्कल भुलत्थ ने बताया कि 22 अक्तूबर 2026 को रात करीब 7:57 बजे उन्हें फोन पर सूचना मिली कि नडाला के प्रिंस पैलेस में चल रहे एक कार्यक्रम के दौरान बिना अनुमति शराब परोसी जा रही है। सूचना मिलने के बाद आबकारी निरीक्षक जतिंदर पाल सिंह एएसआई हरदीप सिंह और अन्य पुलिस कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। शिकायत के अनुसार, जांच के दौरान कार्यक्रम में शराब परोसी जा रही थी और इसके लिए आबकारी विभाग से आवश्यक अनुमति या परमिट नहीं लिया गया था।