लुधियाना में 1 नवंबर से बढ़ेंगे दूध के दाम
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
त्योहारों की रौनक के बीच लुधियाना के लोगों को महंगाई का एक और बड़ा झटका लगने जा रहा है। एक नवंबर से शहर में दूध के दामों में उछाल आने वाला है। हैबोवाल और ताजपुर स्थित डेयरी परिसरों के संचालकों ने आपसी सहमति के बाद रेट में बढ़ोतरी का खाका तैयार कर लिया है। इस नए निर्णय के प्रभावी होते ही आम उपभोक्ताओं को दूध की खरीदारी पर प्रति लीटर पांच रुपये का खर्च पड़ने वाला है।
जिला डेयरी एसोसिएशन ने की औपचारिक पुष्टि
जिला डेयरी एसोसिएशन के प्रमुख कुलदीप सिंह लहोरिया और उनके साथी प्रतिनिधियों ने इस रेट बढ़ाने की औपचारिक पुष्टि की है। उनके अनुसार लुधियाना के तमाम दूध बिक्री केंद्रों पर पांच रुपये प्रति लीटर के हिसाब से दूध का रेट बढ़ाया जाएगा। इसके साथ ही क्रीम का व्यापार करने वाले डेयरी संचालकों के लिए फैट की दरों में तीस पैसे का इजाफा किया गया है।
एसोसिएशन की कारोबारियों से अपील
एसोसिएशन की ओर से सभी कारोबारियों से आग्रह किया गया है कि वे परिस्थितियों को समझते हुए इन नए दामों को तत्काल प्रभाव से अपनाएं। दूध के दामों में बढ़ोतरी के पीछे मवेशियों के आहार की बढ़ती कीमतों को प्रमुख वजह बताया जा रहा है। कारोबारियों का कहना है कि बीते दिनों में सूखा चारा, खल-दाना और हरे चारे के बाजार भाव आसमान छूने लगे हैं। उत्पादन लागत में बेतहाशा बढ़ोतरी के चलते डेयरी संचालकों के सामने अपने परिवारों का लालन-पालन करना भी दुभर हो गया है।