पंजाब के खन्ना के नजदीकी क्षेत्र वीजा चौक के पास जीटी रोड पर एक चलती बस में रविवार को अचानक भीषण आग लग गई। बस में सवार यात्रियों को आग लगने का पता तब चला जब पीछे से आ रहे वाहन चालकों ने शोर मचाकर चालक को इसकी सूचना दी। इससे पहले कि आग विकराल रूप लेती ड्राइवर ने बस को रोक कर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
दो यात्रियों को आईं हल्की चोटें
घटना के दौरान दो यात्रियों को मामूली चोट लगी है। इसके अलावा अन्य यात्री सुरक्षित हैं।
घटना की सूचना मिलते ही खन्ना फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हालांकि तब तक आग पूरी बस में फैल चुकी थी। आग में यात्रियों का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया, जबकि बस करीब 80 प्रतिशत तक जल गई।
यूपी जा रही थी बस
बस में सवार एक यात्री ने बताया कि बस जालंधर से उत्तर प्रदेश जा रही थी। रास्ते में लुधियाना से भी सवारियां बस में चढ़ी थीं। लुधियाना से चलने के कुछ ही देर बाद, वीजा चौक के पास बस के पिछले हिस्से में अचानक आग लग गई। पीछे से आ रहे लोगों द्वारा शोर मचाने और चालक को सूचना देने पर बस रोकी गई, जिसके बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटनास्थल पर पहुंची एसडीएम
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम खन्ना भी मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। एसडीएम ने कहा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।