अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई की वांटेड सूची में शामिल मंजीत सिंह बेदी को कुछ दिन पहले पुलिस ने गिरफ्तार किया था। बेदी पर अमेरिका की सप्लीमेंटल न्यूट्रीशन असिस्टेंट प्रोग्राम (एसएनएपी) योजना में करीब 6 लाख डॉलर की कथित धोखाधड़ी करने का आरोप है। मंगलवार को पुलिस ने मंजीत सिंह बेदी को अदालत में पेश किया और दो दिन का पुलिस रिमांड मांगा।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद माननीय अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस कस्टडी के दौरान मंजीत सिंह बेदी खुद को बेकसूर बताता रहा। मीडिया के सामने भी उसने कहा कि वह जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले से जुड़े खुलासे करेगा।
अदालत में बचाव पक्ष के वकील ने कहा कि पुलिस ने दो दिन का रिमांड मांगा था, लेकिन सुनवाई के दौरान पुलिस बेदी के खिलाफ कोई ठोस सबूत अदालत के सामने पेश नहीं कर सकी। वकील के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में मंजीत सिंह बेदी का यह उल्लेख नहीं किया कि उसने उससे कोई रकम ली थी। वकील ने यह भी दावा किया कि गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने पहले तीन दिन का रिमांड हासिल किया था, लेकिन रिमांड अवधि के दौरान भी पुलिस बेदी से कोई महत्वपूर्ण बरामदगी नहीं कर पाई।