सिधवां बेट से किशनपुरा की ओर जाने वाले मार्ग पर गुरुद्वारा भौरा साहिब के नजदीक बुधवार देर शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 62 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उनकी 58 वर्षीय पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा थाना सिधवां बेट के अंतर्गत आता है।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक, सिधवां बेटे निवासी जसवंत सिंह (62) अपनी पत्नी गुरदीप कौर (58) के साथ बाइक पर गुरुद्वारा भौरा साहिब में माथा टेकने जा रहे थे। इसी दौरान गुरुद्वारा साहिब के पास पीछे से आ रही एक स्कॉर्पियो कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो एक युवती चला रही थी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर जा गिरे। हादसे में जसवंत सिंह को गंभीर चोटें लगीं और उनकी मौत हो गई, जबकि गुरदीप कौर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे के बाद स्कॉर्पियो सवार युवतियों ने दिखाई इंसानियत
हादसे के बाद स्कॉर्पियो में सवार युवतियों ने मौके से भागने के बजाय घायल दंपती को अस्पताल पहुंचाया। दोनों को पहले जगराओं के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया गया। सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद जसवंत सिंह को मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
वहीं, गंभीर रूप से घायल गुरदीप कौर की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए लुधियाना रेफर किया गया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। थाना सिधवां बेट पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों तथा स्कॉर्पियो कार और उसके चालक की भूमिका संबंधी जानकारी जुटाई जा रही है।