विरोधस्वरूप पानी की टंकी पर चढ़ा व्यक्ति
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
मोगा के कस्बा बाघापुराना में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकानों की मरम्मत के लिए मिलने वाली दूसरी किस्त जारी न होने से नाराज एक व्यक्ति पानी की टंकी पर चढ़ गया। व्यक्ति की पहचान गांव नाथोके निवासी गुरलाभ सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, गांव के लोगों को योजना के तहत पहली किस्त मिले करीब पांच महीने बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक दूसरी किस्त की राशि जारी नहीं हुई।
इसी के विरोध में गुरलाभ सिंह इंसाफ की मांग को लेकर बाघापुराना के तहसील कॉम्प्लेक्स स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी गुरलाभ सिंह पानी की टंकी पर चढ़ा था, जिसके बाद लोगों को योजना की पहली किस्त मिली थी लेकिन पांच महीने बीतने के बावजूद दूसरी किस्त नहीं मिलने से वह दोबारा विरोध जताने के लिए टंकी पर चढ़ गया।