बहरीन से आई महिला के साथ दुष्कर्म मामले में बनाई गई जांच कमेटी की ओर से अपनी रिपोर्ट मंगलवार को एजीपीसी प्रधान हरजिंदर सिंह धामी को सौंपी गई। रिपोर्ट के आधार पर धामी ने सराय के रजिस्टर और अन्य रिकॉर्ड में छेड़छाड़ किए जाने की बात कही है। जांच कमेटी की रिपोर्ट पर पूर्व मैनेजर और सराय इंचार्ज को निलंबित कर दिया गया है।
धामी ने बताया कि जांच में सामने आया कि संबंधित महिला ने अलग-अलग समय में श्री आनंदपुर साहिब, श्री अमृतसर और गुरुद्वारा श्री अंब साहिब मोहाली की सराय में कमरा लेकर ठहराव किया। रिकॉर्ड के अनुसार, श्री आनंदपुर साहिब में सात बार और श्री अमृतसर में भी सात बार भेंटा जमा करवाकर कमरा लिया गया। मोहाली में भी दो बार ठहरने का रिकॉर्ड मिला है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान सराय के इंचार्ज अमरीक सिंह की ओर से रजिस्टर में बाद में कुछ छेड़छाड़ किए जाने की बात सामने आई। रजिस्टर में लिखावट और सीरियल नंबरों में भी छेड़छाड़ के संकेत मिले हैं। ऐसे में लिखावट की जांच भी करवाई जाएगी।