कांग्रेस सांसद चरणजीत चन्नी ने कहा कि एलपीयू के मालिक अशोक मित्तल भाजपा में आ गए हैं, इस बात के बाद आम आदमी पार्टी की सरकार ने इस यूनिवर्सिटी को बर्बाद करने का प्रयास किया है।
पंजाब के पूर्व सीएम और कांग्रेस सांसद चरणजीत चन्नी ने लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी मामले पर प्रतिक्रिया दी है। चन्नी ने पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर कहा कि जो दुष्कर्म हुआ, उसकी रिपोर्ट भी दर्ज होनी चाहिए थी। उसके बाद बाहरी लोगों ने वहां जाकर गुंडागर्दी की। ये गुंडागर्दी पुलिस द्वारा ही प्रायोजित थी।
विज्ञापन
चन्नी ने कहा कि एलपीयू के मालिक अशोक मित्तल भाजपा में आ गए हैं, इस बात के बाद आम आदमी पार्टी की सरकार ने इस यूनिवर्सिटी को बर्बाद करने का प्रयास किया है। उन्होंने पूछा कि इस मामले में कौन जिम्मेदार है। दुष्कर्म की घटना के बाद एफआईआर होनी चाहिए थी, क्यों नहीं हुई? छात्रों को बुरी तरह पीटा गया, इसके लिए कौन जिम्मेदार है?
वहीं कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि एलपीयू में जो हुआ है, उसे सरकार को पहले ही नियंत्रण में लेना चाहिए था। सरकार ने बहुत बाद में सक्रियता दिखाई। इतने घंटों तक छात्र सड़कों पर रहे, धरना-प्रदर्शन करते रहे, ऐसी चीजें नहीं होनी चाहिए। ऐसी घटनाएं रुकनी चाहिए।