उधमपुर व अमृतसर से आज चलेंगी दो वंदे भारत स्पेशल ट्रेन
उत्तर रेलवे यात्रियों की सुविधा और अतिरिक्त भीड़ की निकासी के लिए उधमपुर और अमृतसर से नई व पुरानी दिल्ली के लिए सोमवार (आज) को दो आरक्षित वंदे भारत स्पेशल ट्रेन चलाएगा।
यह भी पढ़ें: Drone Attack: फिरोजपुर ड्रोन हमले के पीड़ितों का छलका दर्द, तबाह हो गया घर... जिंदगी भर का दुख मिला, क्या चाहता है परिवार
उधमपुर-नई दिल्ली आरक्षित वंदे भारत स्पेशल (02462) दोपहर 3:00 बजे उधमपुर से रवाना होकर शाम 7:21 बजे लुधियाना और रात 11:45 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। इस ट्रेन में 18 चेयर कार और 2 एग्जीक्यूटिव श्रेणी के कोच होंगे। यह ट्रेन यात्रा के दौरान जम्मू तवी, कठुआ, पठानकोट कैंट, जालंधर कैंट, लुधियाना और अंबाला कैंट स्टेशन पर रुकेगी। अमृतसर-दिल्ली आरक्षित वंदे भारत स्पेशल (02464) दोपहर 3:55 बजे अमृतसर से चलकर ब्यास, जालंधर सिटी, लुधियाना और अंबाला कैंट स्टेशन पर रुकते हुए रात 10:25 बजे पुरानी दिल्ली पहुंचेगी।
फरीदकोट में खेत से मिले पाकिस्तानी ड्रोन के टुकड़े
फरीदकोट के नजदीकी गांव मचाकी कलां के खेतों से पाकिस्तानी ड्रोन के टुकड़े मिले हैं। रविवार शाम को ग्रामीणों ने खेतों में टुकड़े देखे और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर टुकड़ों को अपने कब्जे में ले लिया है। दो दिन पहले रात को इसी गांव और आसपास के क्षेत्र में एक ड्रोन उड़ता हुआ दिखा था।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने तलाश की, लेकिन कुछ नहीं मिला। रविवार को ग्रामीणों ने खुद खेतों में तलाशी ली। उन्हें ड्रोन के कुछ टुकड़े मिले। इसके बाद उन्होंने और टुकड़ों की तलाश की और पुलिस को सूचित किया। इस मामले में नौजवान मनप्रीत सिंह सेखों ने बताया कि दो दिन पहले गांव में ड्रोन दिखा था। उस समय कोई सुराग नहीं मिला। अब खेतों से टुकड़े मिले हैं। पुलिस प्रशासन मामले की जांच कर रहा है। इस जांच में सेना की मदद भी ली जा रही है। (संवाद)