राउंड रॉबिन पूल में शीर्ष पर रही भारतीय टीम
ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम जालंधर में चल रहे हीरो एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और नीदरलैंड्स के महान ड्रैग-फ्लिकर फ्लोरिस जान बोवलैंडर द्वारा खिलाड़ियों से जान-पहचान के बाद शुरू हुए अंतिम लीग मैच में भारतीय हॉकी टीम ने दक्षिण कोरिया को 8-0 के बड़े अंतर से हराकर अपनी जीत की लय बरकरार रखी है।
लीग चरण में भारत ने जीते सारे मैच
इस जीत के साथ भारतीय टीम राउंड रॉबिन लीग चरण में शीर्ष स्थान पर रही। इस अंतिम लीग मुकाबले की शुरुआत से पहले मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और फ्लोरिस जान बोवलैंडर ने भारतीय और दक्षिण कोरियाई टीमों के खिलाड़ियों से मुलाकात की। लीग चरण में भारत सभी मैच जीतकर 15 अंकों के साथ पहले, जापान 10 अंकों के साथ दूसरे, मलेशिया 9 अंकों के साथ तीसरे और दक्षिण कोरिया 6 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहा।
अब सेमीफाइनल चरण में भारत का मुकाबला दक्षिण कोरिया से और जापान का मलेशिया से होगा। ये चारों टीमें पहले ही अंतिम चार में जगह बना चुकी हैं। सेमीफाइनल मुकाबले 4 नवंबर को ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम, मोहाली में खेले जाएंगे, और फाइनल मुकाबला भी 5 नवंबर को मोहाली में ही होगा।