फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हीरो एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी: भारतीय टीम ने दक्षिण कोरिया को रौंदा, 8-0 से दी करारी शिकस्त

Mon, 02 Nov 2026 10:22 PM IST
शाहिल शर्मा संवाद न्यूज एजेंसी, जालंधर

सार

इस जीत के साथ भारतीय टीम राउंड रॉबिन लीग चरण में शीर्ष स्थान पर रही। अब सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला फिर दक्षिण कोरिया से होगा और जापान का मलेशिया से होगा।
विज्ञापन
एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में भारत ने दक्षिण कोरिया 8-0 से रौंदा - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हीरो एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब 2026 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण कोरिया को 8-0 से करारी शिकस्त दी। टूर्नामेंट के मैच नंबर 15 में भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और पूरे मुकाबले में अपना दबदबा कायम रखा। भारत ने पहले हाफ में 3-0 की बढ़त बनाई, जबकि हाफ टाइम तक यही स्कोर बरकरार रहा। तीसरे पीरियड में भारतीय टीम ने ताबड़तोड़ गोल करते हुए स्कोर 7-0 तक पहुंचा दिया। 

विज्ञापन


मैच के 60वें मिनट में आठवां गोल दागकर भारत ने 8-0 से शानदार जीत दर्ज की। भारत की ओर से दिलप्रीत सिंह ने 8वें और 40वें मिनट में मैदानी गोल दागे। जुगराज सिंह ने 11वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला, जबकि कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 15वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर से गोल करके भारत की बढ़त 3-0 कर दी। इसके बाद शिलानंद लकड़ा ने 33वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किया। 

सुखजीत सिंह ने 34वें मिनट और संजय ने 36वें मिनट में मैदानी गोल दागकर कोरियाई टीम पर दबाव और बढ़ा दिया। मुकाबले का आठवां गोल अंगद बीर सिंह ने 60वें मिनट में किया। मुख्य कोच क्रेग फुल्टन के मार्गदर्शन में भारतीय टीम ने बेहतरीन तालमेल, आक्रामक रणनीति और अनुशासित खेल का प्रदर्शन किया। भारतीय खिलाड़ियों के लगातार हमलों के सामने कोरियाई टीम टिक नहीं सकी और पूरे मुकाबले में एक भी गोल नहीं कर पाई।

विज्ञापन
Trending Videos
विज्ञापन

राउंड रॉबिन पूल में शीर्ष पर रही भारतीय टीम
 ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम जालंधर में चल रहे हीरो एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और नीदरलैंड्स के महान ड्रैग-फ्लिकर फ्लोरिस जान बोवलैंडर द्वारा खिलाड़ियों से जान-पहचान के बाद शुरू हुए अंतिम लीग मैच में भारतीय हॉकी टीम ने दक्षिण कोरिया को 8-0 के बड़े अंतर से हराकर अपनी जीत की लय बरकरार रखी है।

लीग चरण में भारत ने जीते सारे मैच
इस जीत के साथ भारतीय टीम राउंड रॉबिन लीग चरण में शीर्ष स्थान पर रही। इस अंतिम लीग मुकाबले की शुरुआत से पहले मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और फ्लोरिस जान बोवलैंडर ने भारतीय और दक्षिण कोरियाई टीमों के खिलाड़ियों से मुलाकात की। लीग चरण में भारत सभी मैच जीतकर 15 अंकों के साथ पहले, जापान 10 अंकों के साथ दूसरे, मलेशिया 9 अंकों के साथ तीसरे और दक्षिण कोरिया 6 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहा।

अब सेमीफाइनल चरण में भारत का मुकाबला दक्षिण कोरिया से और जापान का मलेशिया से होगा। ये चारों टीमें पहले ही अंतिम चार में जगह बना चुकी हैं। सेमीफाइनल मुकाबले 4 नवंबर को ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम, मोहाली में खेले जाएंगे, और फाइनल मुकाबला भी 5 नवंबर को मोहाली में ही होगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें