पंजाब में खाद की अवैध जमाखोरी मामले में संबंधित विभाग के अधिकारियों पर भी गाज गिर रही है। सरकार ने ऐसे अधिकारियों पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है, जो मामले में शामिल पाए जा रहे हैं। पंजाब के फिरोजपुर में डीएपी खाद की अवैध रूप से जमाखोरी का मामला सामने आया है। मामले में चीफ एग्रीकल्चर ऑफिसर को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
बता दें कि इससे पहले खाद की सैंपलिंग से लेकर उसकी गुणवत्ता और जमाखोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां के आदेश पर 91 फर्म के लाइसेंस रद्द कर दिए गए थे। तीन एफआईआर दर्ज कर खाद के सैंपलिंग से जुड़े मामलों की जांच भी करवाई गई थी। वहीं अब खेतीबाड़ी व किसान भलाई विभाग फिरोजपुर ने मुख्य खेतीबाड़ी अधिकारी जगीर सिंह को निलंबित किया है।
डीएपी खाद के 3236 बैग मिले
विभाग की तरफ से दी गई जानकारी में यह बताया गया है कि जिले में डीएपी खाद की अवैध जमाखोरी की जांच के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए थे। जांच के दौरान एक फर्म के गोदाम में डीएपी खाद के 3236 बैग मिले। लेकिन फर्म के पास इनका कोई रिकॉर्ड नहीं था। इस बारे जब मुख्य खेतीबाड़ी अधिकारी जगीर सिंह पूछा गया तो वह भी कोई संतुष्ट जवाब नहीं दे पाया। इस पर विभाग की तरफ से उन्हें सस्पेंड कर दिया गया।