हल्का महल कलां क्षेत्र के गांव चन्नणवाल में घरेलू विवाद के चलते एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां खेतों में पशुओं के लिए चारा काट रही महिला की उसके पति ने कथित तौर पर गंडासे से हमला कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद पति ने भी जहरीला पदार्थ निगल लिया। गंभीर हालत में उसे सरकारी अस्पताल बरनाला ले जाया गया, जहां उसकी भी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
खेत में अपनी पत्नी पर किया गंडासे से हमला
मृतकों की पहचान कुलविंदर कौर और उसके पति भोला सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, कुलविंदर कौर गांव के खेतों में पशुओं के लिए चारा काटने गई थी। उस समय उसके साथ मनजीत कौर नामक महिला भी मौजूद थी। प्रत्यक्षदर्शी मनजीत कौर के अनुसार, इसी दौरान भोला सिंह पीछे से वहां पहुंचा और कथित तौर पर गंडासे से कुलविंदर कौर पर हमला कर दिया। हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई।