अमृतसर में 15 करोड़ की हेरोइन बरामद
- फोटो : सांकेतिक तस्वीर
अमृतसर कस्बा अजनाला क्षेत्र में पुलिस की गश्त के दौरान एक युवक को बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार होने के कारण रोका गया। बाइक गिरने के बाद जब पुलिस ने जांच की तो उसमें तीन किलो हेरोइन, तीन पिस्टल, 90 जिंदा कारतूस और दो मैगजीन बरामद हुईं। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ अजनाला से गुजरपुरा रोड की तरफ गश्त कर रहे थे। पुलिस टीम गांव गुजरपुरा की ओर मुड़ने वाले रास्ते पर नेशनल हाईवे के निर्माणाधीन पुल के नीचे पहुंची तो सामने से काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली बजाज प्लेटिना बाइक पर एक युवक आता दिखाई दिया। युवक की पीठ पर काले रंग का भारी किट बैग लटका हुआ था।
पुलिस के अनुसार, कुछ दूरी पर आगे जाने के बाद अचानक बाइक फिसल गई और युवक बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा। इसी दौरान पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। उसके बैग की तलाशी लेने पर तीन किलो हेरोइन बरामद हुई।
तीन पिस्टल और 90 कारतूस भी मिले
पुलिस को आरोपी के कब्जे से एक .30 बोर और दो 9 एमएम पिस्टल बरामद हुई। इसके अलावा दो मैगजीन मिलीं, जिनमें से एक टूटी हुई थी। पुलिस ने 9 एमएम के 43 और 311/25 मार्किंग वाले 47 कारतूस भी बरामद किए।
सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने हेरोइन, हथियार, कारतूस और बाइक के कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना अजनाला में मामला दर्ज किया है। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन और हथियार कहां से लेकर आया था और इन्हें किसे सप्लाई किया जाना था।