ओम प्रकाश बंसल मॉडर्न स्कूल के प्रतिभाशाली छात्र हर्षित सिंगला ने 58वें अंतरराष्ट्रीय रसायन विज्ञान ओलंपियाड (आईसीएचओ-2026) में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर पंजाब और पूरे देश का नाम विश्व स्तर पर रोशन किया है। यह प्रतियोगिता 10 से 19 जुलाई, 2026 तक ताशकंद (उज्बेकिस्तान) में आयोजित हुई, जिसमें 93 देशों के 363 छात्रों ने भाग लिया।
भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया। हर्षित सिंगला ने इस उपलब्धि से पहले राष्ट्रीय स्तर की कठिन चयन प्रक्रिया में सफलता प्राप्त की। उन्होंने नेशनल स्टैंडर्ड एग्जामिनेशन इन केमिस्ट्री (एनएसईसी), इंडियन नेशनल केमिस्ट्री ओलंपियाड (आईएनसीएचओ) तथा होमी भाभा विज्ञान शिक्षा केंद्र (एचबीसीएसई) के ओरिएंटेशन-कम-सेलेक्शन कैंप को सफलतापूर्वक पूरा कर भारतीय टीम में अपना स्थान बनाया।