विधानसभा चुनाव 2027 से पहले गुरुहरसहाए हलके में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस समय हलके में कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप) और अकाली दल बादल के बीच त्रिकोणीय मुकाबले के आसार नजर आ रहे हैं। कांग्रेस और अकाली दल बादल ने अभी से छोटे-बड़े कार्यक्रमों में शिरकत कर चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं।
कांग्रेस के पूर्व विधायक रमिंदर आवला भी लंबे समय से लगातार लोगों के संपर्क में हैं और उनकी हरसंभव मदद करते आ रहे हैं। हाल ही में आई बाढ़ के दौरान भी उन्होंने प्रभावित लोगों की हर प्रकार से मदद की थी। अब एक बार फिर वह हलके के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों से संपर्क साध रहे हैं और सामाजिक व राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय नजर आ रहे हैं।
2022 में गुरुहरसहाय में आप ने अकाली दल को दी थी मात
2022 के विधानसभा चुनाव में गुरुहरसहाय हलके में कुल 1,72,641 मतदाता थे। इनमें से 1,39,983 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह हलके में करीब 81 फीसदी मतदान हुआ था। आम आदमी पार्टी (आप) के प्रत्याशी फौजा सिंह सरारी को 68,343 वोट मिले, जबकि शिअद (ब) के वरदेव सिंह मान को 57,769, कांग्रेस के विजय कालड़ा को 5,578 और भाजपा के गुरपरवेज सिंह को 3,988 वोट मिले। फौजा सिंह सरारी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी वरदेव सिंह मान को 10,574 वोटों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की थी।
वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के गुरमीत सिंह सोढ़ी को 62,054 और शिअद (ब) के वरदेव सिंह को 58,805 वोट मिले थे। सोढ़ी ने मान को 3,249 वोटों के अंतर से हराया था। उस समय कुल 1,41,371 मतदाता थे, जिनमें से 1,26,864 ने मतदान किया था।
वहीं, 2017 में कांग्रेस के गुरमीत सिंह सोढ़ी को 62,787, शिअद (ब) के वरदेव सिंह मान को 56,991 और आप के मलकीत चंद को 14,282 वोट मिले थे। सोढ़ी ने मान को 5,796 वोटों के अंतर से हराया था।