श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर पवित्र नगरी सुल्तानपुर लोधी में गुरुद्वारा श्री संतघाट साहिब से विशाल नगर कीर्तन सजाया गया। नगर कीर्तन की शुरुआत के मौके पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी विशेष रूप से शामिल हुए।
इस अवसर पर एडवोकेट धामी ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का पावन स्वरूप उठाकर पालकी साहिब में सुशोभित किया। इसके बाद उन्होंने अरदास में शामिल होकर गुरु साहिब की हजूरी में माथा टेका और नगर कीर्तन की शुरुआत करवाई।
इस मौके पर धामी ने श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व की बधाई दी। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब का प्रकाश पर्व केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह हमें सर्वहित, आपसी प्रेम, समानता, सांझीवालता और मानवता की सेवा जैसे महान सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा देता है।
एडवोकेट धामी ने करतारपुर कॉरिडोर अब तक नहीं खोले जाने पर नाराजगी जताते हुए केंद्र सरकार से मांग की कि सिख संगत की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए कॉरिडोर को जल्द खोला जाए, ताकि श्रद्धालु श्री गुरु नानक देव जी महाराज से संबंधित पवित्र स्थल गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब के दर्शन कर सकें।
उन्होंने बताया कि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के इजलास के दौरान भी करतारपुर कॉरिडोर खोलने संबंधी प्रस्ताव पेश किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि यह मामला सिख संगत की धार्मिक भावनाओं से जुड़ा हुआ है और सरकार को इस संबंध में जल्द सकारात्मक कदम उठाने चाहिए।