अमरपाल ने आरोप लगाया कि उसकी प्रेमिका पिछले पांच साल से खमाणों के एक नशा मुक्ति केंद्र में काम कर रही थी। उसे आशंका है कि वह नशा मुक्ति केंद्र के ही किसी व्यक्ति के साथ चली गई है।
फतेहगढ़ साहिब के खमाणों क्षेत्र में एक युवक प्रेमिका के लापता होने पर अपनी चार वर्षीय बेटी को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। यह घटना शनिवार शाम वार्ड नंबर 12 की है। युवक ने पुलिस पर प्रेमिका को खोजने में मदद न करने का आरोप लगाया। साढ़े तीन घंटे बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतारा।
विज्ञापन
नानोवाल खुर्द निवासी 29 वर्षीय अमरपाल सिंह ने बताया कि वह 2019 से एक युवती के साथ लिव-इन संबंध में रह रहा था। उनकी चार वर्षीय बेटी भी है। अमरपाल का आरोप है कि प्रेमिका नाराज होकर घर छोड़कर चली गई। उसने खमाणों थाने में शिकायत दर्ज कराई थी लेकिन पुलिस ने सुनवाई नहीं की। लंबे समय से न्याय न मिलने पर उसने यह कदम उठाया।
अमरपाल ने आरोप लगाया कि प्रेमिका पिछले पांच साल से खमाणों के एक नशा मुक्ति केंद्र में काम कर रही थी। उसे आशंका है कि वह नशा मुक्ति केंद्र के ही किसी व्यक्ति के साथ चली गई है। उसने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की थी लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
विज्ञापन
टावर पर बैठी बच्ची की हालत भीषण गर्मी में बिगड़ रही थी। वार्ड निवासियों ने बच्ची तक खाने-पीने का सामान पहुंचाया। युवक की दादी ने भी न्याय न मिलने को इस कदम का कारण बताया।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा। करीब साढ़े तीन घंटे तक पुलिस अधिकारियों, ग्रामीणों और परिजन ने युवक को समझाया। अंततः डीएसपी गुरमीत सिंह, एसएचओ सुरेश कुमार और समाजसेवी गुरविंदर सिंह गोलू की समझाने पर अमरपाल अपनी बेटी सहित सुरक्षित नीचे उतर आया।