एटीएम में चोरी की सीसीटीवी फुटेज सामने आई है। बदमाशों ने एटीएम में घुसते ही पहले स्प्रे से एटीएम की स्क्रीन और फिर सीसीटीवी कैमरे पर छिड़काव किया, ताकि उनकी पहचान न हो सके।
राजपुरा के कैलिबर बाजार में स्थित केनरा बैंक में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। मंगलवार सुबह अज्ञात लुटेरे बैंक का एटीएम तोड़कर उसमें से करीब पांच लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और बैंक परिसर को घेरकर गहनता से छानबीन शुरू कर दी। बैंक के बाहर खड़े एक स्थानीय चाय वाले ने बताया कि सुबह के समय भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद था और पुलिस अधिकारी मामले की तफ्तीश में जुटे हुए थे।
विज्ञापन
बैंक प्रबंधन ने साधी चुप्पी
इस मामले को लेकर बैंक मैनेजर प्रियंका से संपर्क किया गया तो उन्होंने किसी भी प्रकार की जानकारी देने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने केवल इतना कहा कि इस संबंध में सारी जानकारी पुलिस को मुहैया करवा दी गई है और इस बारे में पुलिस ही पूरी आधिकारिक जानकारी देगी। पुलिस आसपास लगी सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और लुटेरों की तलाश में जुट गई है। राजपुरा पुलिस द्वारा जगह-जगह सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर जांच की जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज आई सामने
सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक वारदात को मंगलवार सुबह 4:55 मिनट पर अंजाम दिया गया। बदमाशों ने पहले स्प्रे से एटीएम की स्क्रीन और फिर सीसीटीवी कैमरे पर छिड़काव किया, ताकि उनकी पहचान न हो सके। आशंका है कि वारदात को अंजाम देने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल किया गया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।