मोगा के अकलसर रोड स्थित जनता फर्नीचर शोरूम में बुधवार देर शाम भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते शोरूम में रखा लाखों रुपये का फर्नीचर जलकर राख हो गया। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और तीन गाड़ियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
विज्ञापन
इस संबंध में जानकारी देते हुए फायर ब्रिगेड के अधिकारी ने बताया कि बुधवार देर शाम हमें अकलसर रोड स्थित जनता फर्नीचर शोरूम में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। आग की गंभीरता को देखते हुए चार दमकल की गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया गया।
काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। अधिकारी ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। आग के कारण शोरूम में रखा काफी सामान जलकर राख हो गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ।