विजिलेंस ब्यूरो फिरोजपुर रेंज ने कोट ईसे खां थाने की एसएचओ सुनीता रानी और होमगार्ड गुरअवतार सिंह को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार राजविंदर सिंह निवासी नूरपुर हकीमा ने विजिलेंस को शिकायत दी थी कि थाना कोट ईसे खां में दर्ज एक केस में नामजद करने का डर दिखाकर आरोपी होमगार्ड गुरअवतार सिंह ने उससे एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। बाद में वह 80 हजार रुपये लेने पर सहमत हो गया। आरोपी पहले ही शिकायतकर्ता से अलग-अलग तारीखों पर 20 हजार रुपये ले चुका था। इसके बाद उसने बकाया 60 हजार रुपये की रिश्वत मांगने संबंधी बातचीत की। शिकायतकर्ता ने इस बातचीत की रिकॉर्डिंग अपने मोबाइल फोन में कर ली और इसे विजिलेंस ब्यूरो, रेंज फिरोजपुर की इंस्पेक्टर जगनदीप कौर के समक्ष पेश किया।
विजिलेंस द्वारा मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई के बाद मुकदमा दर्ज किया गया। सरकारी गवाहों की मौजूदगी में पीएचजी गुरअवतार सिंह, थाना कोट ईसे खां, जिला मोगा को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान गुरअवतार सिंह ने बताया कि रिश्वत की रकम में से 50 हजार रुपये थाना कोट ईसे खां की मुख्य अधिकारी सुनीता को देने थे। इसके बाद विजिलेंस टीम ने सुनीता बावा को भी गुरअवतार सिंह से रिश्वत की रकम हासिल करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस ब्यूरो के अनुसार, मामले की आगे की जांच जारी है।