10वीं कक्षा के एक छात्र की कथित पिटाई का मामला सामने आया है। उसे स्कूल के बाथरूम में बंद भी रखा गया। छात्र के पिता चमकौर सिंह ने शिकायत की। पुलिस ने प्रिंसिपल और क्लास इंचार्ज शिक्षक पर मामला दर्ज किया है।
जिले के गांव डोड के सरकारी हाई स्कूल में पढ़ने वाले 10वीं कक्षा के एक छात्र के साथ कथित मारपीट और उसे स्कूल के बाथरूम में बंद रखने का मामला सामने आया है। छात्र के पिता चमकौर सिंह की शिकायत पर थाना बाजाखाना पुलिस ने स्कूल के प्रिंसिपल तरसेम लाल मोंगा और क्लास इंचार्ज शिक्षक कुलविंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
विज्ञापन
शिकायतकर्ता चमकौर सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनका 14 वर्षीय बेटा बीती 14 जुलाई 2026 को रोजाना की तरह स्कूल गया था। दोपहर करीब एक बजे स्कूल के प्रिंसिपल का फोन आया और उन्हें तुरंत स्कूल बुलाया गया। स्कूल पहुंचने पर उन्होंने अपने बेटे को प्रिंसिपल और क्लास इंचार्ज के पास रोते हुए खड़ा देखा। आरोप है कि प्रिंसिपल ने उन्हें बताया कि उनके बेटे का स्कूल से नाम काट दिया गया है और उसे घर ले जाने के लिए कहा।
घर पहुंचने के बाद छात्र ने रोते हुए बताया कि स्कूल के बाथरूम में किसी ने आपत्तिजनक शब्द लिख दिए थे, जिसका शक उस पर किया गया। छात्र का आरोप है कि उसने खुद को बेगुनाह बताया, लेकिन इसके बावजूद प्रिंसिपल और क्लास इंचार्ज ने उसकी डंडों से पिटाई की, उससे बाथरूम में लिखे शब्द मिटवाए और करीब दो घंटे तक उसे वहीं बंद रखा।
विज्ञापन
पिता का कहना है कि जब उन्होंने बेटे की वर्दी उतारकर देखी तो उसके शरीर पर मारपीट के निशान थे। 16 जुलाई को उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल बाजाखाना ले जाया गया, जहां डॉक्टर से जांच करवाई गई। बाद में छात्र की घबराहट के कारण उसे घर ले जाया गया।
इस मामले में जांच अधिकारी एएसआई स्वर्ण सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने स्कूल प्रिंसिपल तरसेम लाल मोंगा और शिक्षक कुलविंदर सिंह के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।