इसी तरह हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने भी भाजपा से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मदद के लिए मोर्चा संभाल रखा है। सीएम सैनी ने पंजाब को राहत कार्यों के लिए पांच करोड़ रुपये दिए हैं। साथ ही काफी राहत सामग्री भी भेजी है। इसी तरह अगर आप की बात की जाए तो पहले अरविंद केजरीवाल ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और अब आप प्रभारी मनीष सिसोदिया ने मोर्चा संभाल रखा है। साथ ही पंजाब के सभी 15 मंत्रियों को भी मैदान में उतार रखा है। आप ने जिसकी खेत उसकी रेत नीति का भी एलान किया है। इसी तरह बाढ़ प्रभावित किसानों को राहत देते हुए 20 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने की भी घोषणा की है। विधानसभा चुनाव में आप वर्ष 2022 वाला प्रदर्शन दोहाराना चाहती है, जिसके लिए संगठन को भी मजबूत किया जा रहा है।
कांग्रेस के प्रभारी ने भी किया दौरा
पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल ने भी हाल ही में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया है। उन्होंने पार्टी नेताओं से हर संभव मदद पहुंचाने का आह्वान किया था। कांग्रेस प्रदेश प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग व विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप बाजवा ने भी बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की और उनको सहायता भी प्रदान की। इसी तरह शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल ने भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया है और वो भी मदद पहुंचाने के लिए लगे हुए हैं। कांग्रेस व अकाली दल के लिए भी विधानसभा चुनाव अहम हैं।