जैतो के गांव मत्ता में एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस जांच के दौरान हत्या का खुलासा हुआ है। आरोप है कि पारिवारिक विवाद के चलते बुजुर्ग की गला घोंटकर हत्या की गई। इस मामले में पुलिस ने मृतक की बेटी की शिकायत पर उसके बेटे, बहू समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने मृतक के बेटे हरविंदर सिंह उर्फ निक्का और बेटे के साले चरणजीत सिंह उर्फ चन्नू को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मृतक की पहचान हरजिंदर सिंह के रूप में हुई है। मामले की शिकायत उसकी बेटी सुखप्रीत कौर निवासी गांव बरकंदी, जिला श्री मुक्तसर साहिब ने पुलिस को दी है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, 22 नवंबर की सुबह करीब सात बजे उसके पति बलराज सिंह को उसके भाई हरविंदर सिंह ने फोन करके बताया कि उनके पिता की हार्ट अटैक से मौत हो गई है। सूचना मिलने पर वह अपने पति के साथ गांव मत्ता पहुंची। वहां पिता के गले पर निशान देखकर उसे मौत के कारणों को लेकर संदेह हुआ। बेटी ने अपने स्तर पर जानकारी जुटाई तो सामने आया कि उसका भाई हरविंदर सिंह और भाभी कोमल मकान अपने नाम करवाने तथा पैसों को लेकर अक्सर पिता के साथ झगड़ा करते थे।