पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के जीवन और राजनीतिक सफर को अब डॉक्यूमेंट्री के जरिये देश-दुनिया के दर्शकों तक पहुंचाया जाएगा।
डिस्कवरी चैनल पर ‘सतौज टू संसद’ नाम से तैयार डॉक्यूमेंट्री का प्रसारण 30 अगस्त को शाम सात बजे होगा। यह डॉक्यूमेंट्री सात भाषाओं में दिखाई जाएगी। इसका एक ट्रेलर सार्वजनिक हुआ है।
डॉक्यूमेंट्री में भगवंत मान के संगरूर जिले के गांव सतौज में बीते बचपन से लेकर मनोरंजन की दुनिया में पहचान बनाने, राजनीति में कदम रखने, संसद पहुंचने और पंजाब का मुख्यमंत्री बनने तक के सफर को समेटने की कोशिश की गई है। ‘सतौज टू संसद’ नाम भी मान के इसी सफर से प्रेरित है।
इस फिल्म में मान के जीवन के अलग-अलग पड़ावों को जोड़ते हुए उनकी ग्रामीण पृष्ठभूमि और मनोरंजन जगत से जुड़े कॅरिअर को दिखाया गया है। इसके बाद उनके राजनीतिक सफर को प्रमुखता दी गई है। इसमें पीपल्स पार्टी ऑफ पंजाब से मान का शुरुआती राजनीतिक जुड़ाव, आम आदमी पार्टी में शामिल होने और 2014 व 2019 में संगरूर से लोकसभा चुनाव जीतकर संसद पहुंचने का सफर शामिल है। 2022 में पंजाब के मुख्यमंत्री बनने तक की कहानी भी डॉक्यूमेंट्री का हिस्सा है।
डॉक्यूमेंट्री को केवल राजनीतिक सफर तक सीमित नहीं रखा गया है। इसमें मान के परिवार और मनोरंजन जगत से जुड़े लोगों के अनुभव भी शामिल किए गए हैं। उनकी मां, बहन और मनोरंजन क्षेत्र से जुड़े दोस्तों के जरिये उनके बचपन, व्यक्तित्व और संघर्ष के कुछ पहलुओं को सामने लाने की कोशिश की गई है।
सरकारी योजनाओं की भी चर्चा
डॉक्यूमेंट्री में मुख्यमंत्री के तौर पर भगवंत मान की सरकार की कुछ प्रमुख योजनाओं और पहलों को भी शामिल किए जाने की बात सामने आ रही है। इनमें खेतों तक नहर का पानी पहुंचाने, स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं और ‘मावां धीयां सत्कार योजना’ जैसी पहलों का उल्लेख है। इस तरह फिल्म में व्यक्तिगत यात्रा के साथ उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल को भी जोड़ने का प्रयास किया गया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया पर ट्रेलर साझा करते हुए दर्शकों से इस विशेष प्रस्तुति को देखने की अपील की है।