आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब ने केंद्र सरकार से श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व से पहले श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर को तुरंत दोबारा खोलने की मांग की है। पार्टी नेताओं ने कहा कि कॉरिडोर लंबे समय से बंद होने के कारण देश-विदेश की सिख संगत अपनी धार्मिक भावनाओं के अनुरूप पवित्र तीर्थस्थल पर माथा टेकने से वंचित है।
आप पंजाब के सांसद मालविंदर सिंह कंग ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर दुनिया भर के सिख समुदाय की भावनाओं से अवगत करा चुके हैं और कॉरिडोर को बिना देरी खोले जाने की मांग कर चुके हैं।
कंग ने कहा कि श्री करतारपुर साहिब का सिख धर्म के इतिहास में विशेष धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व है। यह वही पवित्र स्थान है, जहां श्री गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय बिताया और मानवता को 'किरत करो' का संदेश दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री से अपील करते हुए कहा कि श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व नजदीक है और श्रद्धालु बेसब्री से करतारपुर साहिब जाने का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में केंद्र सरकार को सिख संगत की भावनाओं का सम्मान करते हुए कॉरिडोर तत्काल खोलना चाहिए, ताकि श्रद्धालु पवित्र गुरुधाम में माथा टेक सकें।
हर महीने 15 तारीख को संगत करती है अरदास
डेरा बाबा नानक में आप पंजाब के मुख्य प्रवक्ता एवं सांसद कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि हर महीने की 15 तारीख को सिख श्रद्धालु करतारपुर साहिब कॉरिडोर को दोबारा खोलने की अरदास करने के लिए एकत्रित होते हैं। उन्होंने कहा कि लगातार प्रार्थनाओं और अपीलों के बावजूद संगत को सिख इतिहास के सबसे पवित्र स्थानों में से एक के दर्शन का अवसर नहीं मिल पा रहा है।
धालीवाल ने सुरक्षा कारणों का हवाला देकर कॉरिडोर बंद रखने के केंद्र सरकार के तर्क पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि यदि सुरक्षा कारणों से धार्मिक यात्रा के लिए कॉरिडोर बंद है, तो गुजरात के बंदरगाहों सहित अन्य रास्तों से पाकिस्तान के साथ व्यापारिक गतिविधियां कैसे जारी हैं?
उन्होंने केंद्र सरकार से इस मामले में स्पष्ट जवाब मांगा और कहा कि जब व्यापारिक गतिविधियां जारी रह सकती हैं, तो सिख श्रद्धालुओं को अपने पवित्र धार्मिक स्थल पर जाने से क्यों रोका जा रहा है?