लोंगोवाल को श्रद्धांजलि देते अमन अरोड़ा।
- फोटो : संवाद
कैबिनेट मंत्री और आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने कहा कि संत हरचंद सिंह लोंगोवाल ने निजी स्वार्थ से ऊपर उठकर पंजाब की अमन-शांति और एकता के लिए कार्य किया। राज्य की जनता उनकी कुर्बानी को हमेशा इसी तरह नमन करती रहेगी। शहीद संत हरचंद सिंह लोंगोवाल की 40वीं बरसी के अवसर पर स्थानीय अनाज मंडी में इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी, जिला शाखा संगरूर द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर को संबोधित कर रहे थे। अरोड़ा ने खुद भी रक्तदान किया। उन्होंने करीब पौने तीन करोड़ की लागत की विकास योजनाओं का शुभारंभ किया।
अरोड़ा ने कहा कि संत लोंगोवाल का जीवन हर अमन-पसंद व्यक्ति के लिए प्रेरणा स्रोत है। वह किसी एक पार्टी या धड़े के नेता नहीं थे, बल्कि संपूर्ण जनसमुदाय के मार्गदर्शक थे। उन्होंने दुख प्रकट किया कि आज भी कुछ राजनीतिक पार्टियां जो स्वयं को पंथक कहती हैं, संत हरचंद सिंह लोंगोवाल के नाम पर राजनीति कर रही हैं।
लोगोंवाल को श्रद्धांजलि देते सुखबीर बादल।
- फोटो : संवाद
नए अकाली दल को केंद्र से मिल रही आक्सीजन: बादल
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने आरोप लगाया कि नए अकाली दल को केंद्र से आक्सीजन मिल रही है। इनका उद्देश्य तो शिअद को कमजोर करना है। संत लोंगोवाल को श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे सुखबीर बादल ने कहा कि अकाली दल से जाने वाले नेताओं ने न तो खुद काम किया है और न ही किसी को काम करने दिया है। नया अकाली दल बनाने वाले नेता उनपर भाजपा से समझौता करने का दबाव बना रहे थे। लेकिन उन्होंने साफ मना कर दिया था। पंजाब के हित की रक्षा केवल अकाली दल ने की है। आने वाले समय में दलित छात्रों के लिए पूरी शिक्षा फ्री करेंगे, बेटियों के लिए योजनाएं चलाएंगे। आप सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली के नेता ही सरकार को चला रहे हैं। पंजाब के सभी अहम जिम्मेदारियां दिल्ली, यूपी के लोगों के पास हैं। अरविंद केजरीवाल के रहने के लिए मोहाली में 30 से 40 करोड़ खर्च कर बंगला तैयार किया है। पंजाब के लूटने का सिलसिला जल्द खत्म होगा और पंजाबी अपने एक एक पैसे का हिसाब लेंगे। श्रद्धांजली समारोह को दलजीत सिंह चीमा, महेशइंदर ग्रेवाल, परमजीत सिंह सरना, विन्नरजीत सिंह गोल्डी आदि ने संबोधित किया।