पंजाब के मोगा में महिला सरपंच को अपनी कुर्सी से हाथ धोना पड़ गया। मोगा जिले के गांव चुग्गा खुर्द में सरपंच चुनाव में फर्जीवाड़ा हुआ है, जिस वजह से महिला सरपंच कुलदीप कौर को निलंबित किया गया है। महिला सरपंच कुलदीप कौर ने विदेश में रहते हुए फर्जी तरीके से चुनाव के लिए नामांकन किया था।
जानकारी के अनुसार, बीते वर्ष अक्तूबर में सरपंच चुनाव के दौरान कुलदीप कौर द्वारा विदेश में रहते हुए सरपंच उम्मीदवार के तौर पर फर्जी हस्ताक्षर कर फर्जी फाइल तैयार की गई थी। इस मामले में नवंबर 2024 में विरोधी सरपंच उम्मीदवार जसविंदर कौर के पति परमपाल सिंह ने एसएसपी मोगा को शिकायत दी थी। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने महिला सरपंच कुलदीप कौर सहित 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। इसके बाद जिला पंचायत विभाग ने जांच रिपोर्ट डायरेक्टर, ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग को भेजी, जिस पर कार्रवाई करते हुए कुलदीप कौर को निलंबित कर दिया गया है।
डीडीपीओ रजनीश गर्ग ने बताया कि कुलदीप कौर के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई थी, जिसकी जांच डायरेक्टर ने की थी। जांच पूरी होने के बाद डायरेक्टर के आदेश हमें प्राप्त हुए, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया गया। इसके बाद की कार्रवाई पुलिस विभाग कर रहा है। उन पर मामला भी दर्ज किया गया है।
वहीं डीएसपी रमनदीप ने बताया कि हमें विभाग की ओर से आदेश प्राप्त हुए थे, जिनके आधार पर मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।