पंजाब के तरनतारन में तीन लोगों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपियों ने व्यक्ति को इसलिए मार दिया क्योंकि वह अपने भाई की पत्नी को उसके अवैध संबंधों के चलते रोक रहा था। आरोपियों में महिला से अवैध संबंध रखने वाला उसका प्रेमी भी शामिल है। उसने अपने साथियों के साथ महिला के जेठ की हत्या कर दी।
घटना तरनतारन जिले के गांव मानोचाहल की है। मृतक की पहचान दिलबाग सिंह बागा के तौर पर हुई है। आरोपियों में दिलबाग सिंह उर्फ दिल्ली निवासी चोहला साहिब, हरपाल सिंह निवासी बनवालीपुर और बलवंत सिंह निवासी मुगलचक्क हैं। इस मामले में थाना सदर तरनतारन की पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। तीनों आरोपी फरार हैं।
गांव माणोचाहल निवासी दिलबाग सिंह बागा का भाई भूपिंदर सिंह नशे का आदी है। भूपिंदर सिंह जेल में भी रह चुका है। जेल में उसकी जान-पहचान चोहला साहिब निवासी दिलबाग सिंह उर्फ दिल्ली के साथ हुई थी। जेल से बाहर आने के बाद आरोपी दिलबाग सिंह उर्फ दिल्ली अपने दोस्त हरपाल सिंह और बलवंत सिंह के साथ भूपिंदर सिंह के घर आने-जाने लगा। इस बीच भूपिंदर सिंह की पत्नी सोनिया के साथ बलवंत सिंह के अवैध संबंध बन गए। सोनिया के जेठ दिलबाग सिंह बागा को इसका पता चल गया और वह सोनिया को ऐसा करने से रोकता था।
बागा ने अपने भाई भूपिंदर सिंह को उसकी पत्नी सोनिया की हरकतों के बारे में बताया तो भूपिंदर सिंह ने भी पत्नी को बहुत समझाया। इस बीच सोनिया पति को बताए बिना बलवंत सिंह के साथ भाग गई। कई दिन बाद भूपिंदर पत्नी सोनिया को वापस ले आया और उसे उसके मायके छोड़ आया। उसने उसका मोबाइल फोन भी ले लिया ताकि उसके प्रेमी बलवंत सिंह के साथ कोई संपर्क न हो सके।
इसी रंजिश के तहत बलवंत सिंह ने हरपाल सिंह और दिलबाग सिंह उर्फ दिल्ली के साथ मिलकर सोनिया के जेठ दिलबाग सिंह बागा के घर आकर उसपर हमला कर दिया और उसे गोली मार दी। सब डिविजन गोइंदवाल साहिब के डीएसपी अतुल सोनी और थाना सदर प्रभारी अवतार सिंह संधू ने मौके पर कार्रवाई करते हुए तीनों को नामजद कर लिया।