मां सुखविंदर कौर और मासूम रसमप्रीत कौर।
- फोटो : संवाद (फाइल)
पंजाब के संगरूर में दर्दनाक घटना हुई है। यहां एक महिला ने अपनी नौ साल की मासूम बेटी के साथ जहर निगल लिया। इससे दोनों की ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। लोग यही जानने की जुगत में लगे हे कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि महिला ने इतना खौफनाक कदम उठा लिया। खुद को महिला ने जान दी ही पर अपनी मासूम बेटी को भी जहर खिला दिया। महिला की ऐसी क्या मजबूरी रही होगी।
संगरूर के भवानीगढ़ की महावीर बस्ती में यह घटना घटी है। महिला ने अपनी नौ साल की मासूम बच्ची के साथ जहर निगलकर जान दे दी। मृतक महिला की पहचान सुखविंदर कौर (30) और उसकी बेटी रसमप्रीत कौर (9) के तौर पर हुई है। मृतका सुखविंदर कौर की मां की शिकायत पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों में महिला का पति, सास और ननद हैं। आरोप है पति संदीप सिंह, सास गुरमेल कौर और ननद हरप्रीत कौर ने सुखविंदर कौर को मरने के लिए मजबूर किया था।
थाना भवानीगढ़ के सहायक थानेदार सुरेश कुमार ने बताया कि मनजीत कौर वासी रणो कलां (पटियाला) ने पुलिस के पास दिए बयान में कहा कि उनकी बेटी सुखविंदर कौर (30) की शादी करीब 11 साल पहले संदीप सिंह वासी भवानीगढ के साथ हुई थी और उसके पास नौ साल की बच्ची थी। उन्होंने आरोप लगाया कि संदीप की बहन हरप्रीत कौर जो विवाहित है और संदीप की माता गुरमेल कौर सुखविंदर को तंग परेशान करती थी। संदीप सिंह भी अक्सर उसके साथ झगड़ा करता रहता था। जिससे सुखविंदर परेशान रहती थी। उसने कई बार फोन पर भी यह बताया था। इसी परेशानी के चलते सुखविंदर ने खुद और अपनी मासूम बच्ची रसमप्रीत कौर (9) को जहर पिलाकर खुदकुशी कर ली।
जांच अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि मनजीत कौर के बयान पर पुलिस ने मृतका के पति संदीप सिंह, उसकी माता गुरमेल कौर और ननद हरप्रीत कौर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।