अमृतसर की स्थानीय फतेह सिंह कॉलोनी में साढ़े साल की मासूम बच्ची टांग में गोली लगी है। हैरानी की बात यह है कि बच्ची को गोली कैसे लगी, किसने फायरिंग की इसकी जानकारी परिवार के लोगों को भी नहीं हैं। गोली लगने से घायल बच्ची की हालत स्थिर है। गोली चलाने वाले का अभी तक पता नहीं लग सका है। परिवार के सदस्य बच्ची मंगलवार की शाम चार बजे पास ही ट्यूशन सेंटर पर छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान यह घटना हुई। इस घटना के बारे में पुलिस को जानकारी दी गई है। गोली लगने की जानकारी तब मिली जबकि उसको अस्पताल में ले जाया गया और डाक्टरों ने एक्स-रे करवाया। इसी में पता चला कि बच्ची की टांग में गोली लगी है।
फतेह सिंह कालोनी निवासी सौरभ अपने परिवार के साथ गुरुद्वारे वाली गली में रहते हैं। उनके दो बच्चे हैं। छोटी बेटी वृद्धि साढ़े तीन साल की है। कुछ दिन पहले ही उसे स्कूल में भर्ती करवाया गया था। अब रोजाना शाम को परिवार उसको पड़ोस में एक ट्यूशन सेंटर पर भेज देता है।
मंगलवार की शाम जब वृद्धि को ट्यूशन छोड़ने जा रहे थे तो उसके पैर में चोट लग गई। जब वृद्धि ने पैर की चोट के बारे में बताया और देखा गया तो ऐसा लगा जैसे कोई घाव हो और खून बह रहा था। परिवार के सदस्य उसे अस्पताल ले गए। वहां उसका एक्स-रे किया गया तो पता चला कि उसकी टांग में गोली लगी है। कुछ देर बाद बच्ची का आपरेशन करके गोली को बाहर निकाला गया। थाना गेट हकीमां की प्रभारी इंस्पेक्टर मंदीप कौर ने बताया कि मामले की जांच करवाई जा रही है।