बस और स्कूटी की टक्कर में एक दंपती गंभीर रूप में घायल हो गया। हादसा इतना जबरदस्त था कि स्कूटी चकनाचूर हो गई। वहीं, बस चालक घटना को देख मौके से फरार हो गया। घटना पठानकोट की है। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया और पुलिस ने घायलों को तुरंत अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती करवाया।
दंपती की हालत गंभीर बनी हुई है। मामले की जांच कर रहे थाना डिवीजन 1 के एएसआई पवन कुमार ने बताया कि भूपिंदर सिंह निवासी अमर कॉलोनी दीनानगर जो सेना में जवान है और अपनी पत्नी हरजीत कौर के साथ काठ वाले पुल निकट आर्मी कैंटीन से सामान लेकर घर जा रहा था और जैसे ही वे पठानकोट के भरोली कलां पहुंचा तो पठानकोट से नरोट जैमल सिंह पर जाने वाली प्राइवेट कंपनी के बस चालक की उनके साथ टक्कर हो गई। इसके चलते उक्त स्कूटी सवार दंपती गंभीर रूप में घायल हो गया। बस नंबर पीबी03एजे4081 के चालक की पुलिस तलाश कर रही है।
घायल भूपिंदर सिंह को मिलिट्री अस्पताल पठानकोट और उसकी पत्नी को प्राइवेट अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया है। दूसरी तरफ घायलों के पारिवारिक सदस्यों को भी पुलिस ने सूचित कर दिया है और उनके बयान के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई अमल में लाएगी। हालांकि स्थानीय लोगों के मुताबिक बस चालक की लापरवाही बताई जा रही है। पुलिस ने बस और स्कूटी को कब्जे में ले लिया है और आगे की जांच जारी है।