फरीदकोट के गांव लंभवाली के पास अमृतसर-बठिंडा नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां और उसकी नाबालिग बेटी की मौत हो गई। दोनों गुब्बारे बेचने के लिए बस से उतरकर गांव की ओर पैदल जा रही थीं, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। मृतकों की पहचान जैतो के बाजाखाना रोड निवासी माणी और उसकी 13 वर्षीय बेटी मरजीना के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, माणी अपने परिवार के साथ गांव-गांव जाकर गुब्बारे और अन्य सामान बेचने का काम करती थी। वीरवार को वह अपनी बेटी के साथ सामान बेचने के लिए बस से गांव लंभवाली उतरी थी। जैसे ही दोनों हाईवे पार कर गांव की ओर बढ़ रही थीं, तभी फरीदकोट की तरफ से आ रही सफेद रंग की एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने दोनों घायलों को सिविल अस्पताल बाजाखाना पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने माणी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल मरजीना को गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल फरीदकोट रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। थाना बाजाखाना के एएसआई व जांच अधिकारी स्वर्ण सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक महिला के पति सत्तू के बयान पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों के हवाले कर दिया जाएगा। आरोपी चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।