बठिंडा में 12 नवंबर की रात को धोबीआना बस्ती में घर लौट रहे दो सगे भाइयों पर कुछ युवकों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया था। हमले में जतिंदर नाम के युवक की तो कुछ ही घंटे में मौत हो गई थी, जबकि धरमिंदर को उपचार के लिए एम्स अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। बुधवार की रात्रि उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
थाना सिविल लाइन के एसएचओ हरजोत सिंह ने बताया कि पुलिस अब तक मामले में गुरमन एवं नूरदीप नामक आरोपियों की गिरफ्तारी कर चुकी है। बाकी तीन आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने अब डबल मर्डर का केस बनाने संबंधी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
12 नवंबर को हुआ था हमला
धोबियाना बस्ती निवासी 26 वर्षीय जतिंदर कुमार अपने छोटे भाई 22 वर्षीय धरमिंदर के साथ 12 नवंबर रात घर जा रहा था। इस दौरान धोबियाना बस्ती युवक विस्की, गुरमन,सुखप्रीत, प्रिंस और नूर के अलावा तीन चार अज्ञात युवकों ने मिलकर दोनों भाइयों पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया था। इस हमले में जतिंदर व धरमिंदर घायल हो गए, जिन्हें सिविल अस्पताल बठिंडा में दाखिल करवाया गया। वहां पर जतिंदर की मौत हो गई थी, जबकि धरमिंदर को एम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया था।
दीवाली पर हुए झगड़े की थी रंजिश
जतिंदर एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था, जबकि धरमिंदर रेहड़ी लगाता था। पुलिस के अनुसार दीवाली की रात को जतिंदर के छोटे भाई का बस्ती के रहने वाले आरोपी युवकों के साथ पटाखे चलाने को लेकर झगड़ा हो गया था। जिसके बाद से आरोपी उससे रंजिश रखे हुए थे। थाना सिविल लाइन के इंचार्ज इंस्पेक्टर हरजोत सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी गुरमन और नूरदीप को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि बाकी तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।