मृतक बच्चे की फाइल फोटो और झाड़ियों में मिली बोरी।
- फोटो : संवाद
फाजिल्का के अरनीवाला के गांव शेख सुबहान में नशेड़ी दोस्तों ने एक किशोर के मुंह में कपड़ा ठूंस उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपियों ने उसके गले में पहनी चांदी की चेन उतार ली ताकि उसे बेचकर नशा खरीद सकें। मृतक की पहचान हरप्रीत सिंह (17) के तौर पर हुई है। हरप्रीत के शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं और उसके गले में चुनरी बंधी थी। आरोपियों ने हत्या कर लाश प्लास्टिक बोरी में डालकर झाड़ियों में फेंक दी। पुलिस ने बुधवार दो आरोपियों को काबू कर तीन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक के पिता सुखविंदर सिंह ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि 9 दिसंबर की सुबह लगभग 11 बजे उनका बेटा हरप्रीत सिंह साइकिल पर गांव के ही जसकरण सिंह (उर्फ करण) व 14 साल के एक नाबालिग के घर जाने की बात कहकर निकला था। शाम तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। आरोपी नाबालिग देर शाम हरप्रीत की साइकिल लेकर घर पहुंचा पूछने पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। रातभर कोशिश के बाद अगली सुबह पीड़ित परिवार व रिश्तेदार खेतों की ओर पहुंचे और झाड़ियों में पड़ी एक बोरी में हरप्रीत का शव पाया।
हरप्रीत के सिर, चेहरे व शरीर पर चोटों के निशान पाए गए। उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था और गले में चुनरी लिपटी हुई थी। साथ ही उसकी चांदी की चेन गायब थी। परिवार ने आरोप लगाया है कि जसकरण, 14 साल का एक नाबालिग और जतिन (उर्फ माणू) नशे के आदी हैं। आरोपियों ने हरप्रीत की चेन लूटने की नीयत से बुलाकर उसकी हत्या कर दी और शव को बोरी में डालकर कर झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
उधर, थाना अरनीवाला के इंस्पेक्टर परमजीत कुमार ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद जसकरण सिंह उर्फ करण (21) और जतिन कुमार उर्फ माणू (19) को गिरफ्तार कर लिया है। 14 वर्षीय नाबालिग को जुवेनाइल कानून के अनुसार नामजद किया गया है और किशोर न्यायालय/जुवेनाइल प्रावधानों के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी।