पंजाब के फिरोजपुर में गोली लगने से 12 साल का मासूम घायल हो गया। बताया जा रहा है कि उसकी गंभीर बनी हुई है। बच्चे का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। बच्चे की पहचान करीवम मल्होत्रा के तौर पर हुई है। गोली उसके सिर में फंस गई है। घटना के तुरंत बाद बच्चे को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों का कहना है कि बच्चे की हालत क्रिटिकल बनी हुई है और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची है।
घटना फिरोजपुर की रोज एवेन्यू कॉलोनी की है। परिजनों के मुताबिक करीवम मल्होत्रा (12) स्कूल से आकर अलमारी से कपड़े निकाल रहा था। वहीं पर खड़ा कपड़े बदल रहा था तभी अलमारी में पड़ी पिस्तौल अचानक जमीन पर गिर पड़ी और गोली चल गई। गोली बच्चे के सिर पर लगी और गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जख्मी हालत में बच्चे को स्थानीय निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया। डाक्टरों ने बच्चे की चिंताजनक स्थिति देखते हुए उसे लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में रेफर किया है।
दूसरी तरफ थाना सिटी के एसएचओ का कहना है कि बच्चा स्कूल से आया था और अलमारी खोलकर कपड़े पहनने लगा। अलमारी में पिस्तौल रखी थी। पिस्तौल जैसे ही जमीन पर गिरी और गोली चल गई। गोली चलते ही बच्चे के सिर पर जा लगी। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मामले की जांच की जा रही है। अभी फिलहाल परिवार के लोग अस्पताल में हैं।