लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी के एक रोड शो को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। रोड शो के दौरान भगवान हनुमान की वेशभूषा के कथित अनुचित इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए चंडीगढ़ के पुलिस अधिकारियों को शिकायत भेजी गई है।
विज्ञापन
पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के अधिवक्ता एवं काउंसिल ऑफ लॉयर्स के चेयरमैन एडवोकेट वासु रंजन ने ईमेल के माध्यम से चंडीगढ़ के डीजीपी और एसएसपी को शिकायत भेजी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के रोड शो के दौरान भगवान हनुमान का स्वरूप धारण किए एक व्यक्ति को उनके आगे नृत्य कराया गया।
शिकायतकर्ता का कहना है कि इस तरह भगवान हनुमान के पावन स्वरूप का सार्वजनिक कार्यक्रम में इस्तेमाल करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करता है। उन्होंने इसे धार्मिक प्रतीकों का अनुचित एवं अपमानजनक उपयोग बताते हुए मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
विज्ञापन
फिलहाल इस शिकायत पर चंडीगढ़ पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, भाजपा की ओर से भी इस मामले में कोई बयान जारी नहीं किया गया है।