चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) के हॉस्टल नंबर-2 के बाहर मंगलवार रात करीब एक बजे छात्रों के दो गुटों में विवाद के बाद मारपीट हो गई। दोनों पक्षों के छात्रों के बीच करीब दो घंटे तक हंगामा चलता रहा। इस दौरान लात-घूंसे चले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों के दोनों गुटों को अलग किया। कुछ छात्रों को हिरासत में भी लिया गया। पुलिस के अनुसार, किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिलने के कारण फिलहाल कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।
सड़क पर छात्रों के पीछे दौड़ी पुलिस
घटना के बाद सामने आए वीडियो में छात्रों का एक समूह सड़क पर भागता दिखाई दे रहा है। उनके पीछे पैदल पुलिसकर्मी और एक पीसीआर वैन भी जाती नजर आ रही है। कुछ छात्रों के पुलिस की पकड़ में आने के बाद उन्हें पीसीआर वैन की ओर ले जाया गया। वीडियो में पुलिस के सामने भी कुछ छात्रों के बीच तनाव की स्थिति दिखाई दे रही है। पुलिसकर्मी दोनों पक्षों को अलग करते नजर आए।
मोबाइल से रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाला वीडियो
घटना का 22 सेकंड का एक वीडियो भी सामने आया है। बताया गया कि एक छात्र ने मोबाइल फोन से विवाद को रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। वीडियो में हरियाणवी गायक मासूम शर्मा का गाना सुनाई दे रहा है। फुटेज में छात्रों के भागने और पुलिस के उन्हें रोकने के दृश्य भी हैं।
मंगलवार रात एक बजे पुलिस कंट्रोल रूम को पीयू के हॉस्टल नंबर-2 के बाहर युवकों के बीच मारपीट की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों के समूहों को अलग किया। पुलिस के पहुंचने के बाद भी कुछ छात्र झगड़ने की कोशिश कर रहे थे, जिसके चलते उन्हें हिरासत में लिया गया और चेतावनी दी गई।
- एसपीएस सोंधी, डीएसपी सेंट्रल चंडीगढ़ पुलिस