लुधियाना के रंजीत एवेन्यू फेज-2 इलाके में बधाई लेने के हक को लेकर किन्नर समुदाय के दो गुट आपस में भिड़ गए। वर्चस्व की यह जंग इतनी उग्र हुई कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। दोनों गुट के लोगों ने एक-दूसरे पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में एक गुट का सदस्य घायल हुआ है। आरोप है कि दूसरे पक्ष ने उन्हें जान से मारने की धमकियां भी दी है।
सूचना मिलने के बाद थाना डेहलों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने इस मामले में रिश्का महंत की शिकायत पर ख्वाजा कोठी चौक निवासी छोटी महंत, रुही महंत, सलोनी महंत, सोना मरासी, गुलजार मरासी, टोनी मरासी और पांच से छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
विवाद की शुरुआत 30 मार्च को उस समय हुई जब जालंधर बाईपास स्थित अमन नगर की निवासी शिकायतकर्ता रिश्का सिंह महंत अपने गुरु भाइयों सुहाना और रूबी महंत के साथ रंजीत एवेन्यू फेज-2 में एक शादी वाले घर में बधाई लेने पहुंची थीं। इसी दौरान वहां दूसरे पक्ष के सदस्य छोटी महंत, रूही महंत और सलोनी महंत अपने साथियों सोना, गुलजार और टोनी मरासी के साथ पहुंच गए।
आरोप है कि दूसरे गुट ने वहां पहुंचते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और इलाके पर अपना हक जताते हुए हंगामा किया। टकराव बढ़ता देख जब रिश्का सिंह का पक्ष अपनी गाड़ियों में सवार होकर वहां से निकलने लगा, तो आरोपियों ने फिल्मी अंदाज में उनका पीछा किया। मुख्य सड़क पर पहुंचते ही हमलावरों ने उनकी गाड़ियों को घेर लिया और धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। इस हमले में रिश्का सिंह को गंभीर चोटें आई हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। जिसके बाद पुलिस को इसकी शिकायत दी गई और मामला दर्ज कराया गया।